छुहिया घाटी में फिल्मी अंदाज में वारदात, ओडिशा पुलिस पर हमला कर NDPS आरोपी को छुड़ाया
रीवा-सीधी सीमा की छुहिया घाटी में बदमाशों ने ओडिशा पुलिस के वाहन को घेरकर हमला किया और NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अतुल सिंह बघेल / मध्यप्रदेश
सीधी/रीवा। रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम को घेरकर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, कई वाहनों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को रोककर फायरिंग की और पुलिसकर्मियों से मारपीट की। इसके बाद NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए।
पेशी के लिए रीवा ला रही थी ओडिशा पुलिस
जानकारी के मुताबिक ओडिशा पुलिस NDPS एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस वाहन रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी से गुजर रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने कई वाहनों से पुलिस वाहन को घेर लिया।
स्प्रे डालकर किया हमला, बेसबॉल बैट से मारपीट
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची अथवा पेपर स्प्रे डाल दिया। इसके बाद पुलिस वाहन के शीशे तोड़े गए और बेसबॉल बैट से पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। वारदात के दौरान फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हमलावर इसी दौरान पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी आदित्य मिश्रा को अपने साथ लेकर फरार हो गए।
मैहर की ओर भागने की सूचना
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों के वाहनों को मैहर की ओर जाते देखा गया। सूचना मिलते ही सीधी, रीवा और आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट किया गया। पुलिस द्वारा संभावित मार्गों पर वाहनों की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मौके पर पहुंचे सीधी एसपी
घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस आरोपी आदित्य मिश्रा और उसे छुड़ाकर ले जाने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हथियारबंद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद बदमाशों द्वारा पुलिस वाहन को घेरकर आरोपी को छुड़ा ले जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी पुलिसकर्मी को गोली लगने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जनसत्ता एक्सपोज | रिपोर्ट
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1