बाढ़ प्रभावित रपटे एवं पुल-पुलिया पार करने का प्रयास न करें : कलेक्टर श्री रत्नाकर झा
अनूपपुर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने लगातार हो रही बारिश के बीच नागरिकों से नदी-नालों, रपटों और पुल-पुलियों पर बहते पानी को पार न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों से मौसम और मार्ग की जानकारी लेकर ही यात्रा करने, बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने का आग्रह किया गया है।
अतुल सिंह बघेल / मध्य प्रदेश
आशीष तिवारी: अनूपपुर। जिले में हो रही लगातार वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने नागरिकों से पूर्ण सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वर्षाकाल में नदी-नालों, रपटों एवं पुल-पुलियों पर अचानक जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में जहां भी सड़क या पुल-पुलिया पर पानी बह रहा हो, वहां किसी भी परिस्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें।
कलेक्टर श्री झा ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। तेज बहाव वाले पानी में वाहन चलाना अथवा पैदल निकलना अत्यंत जोखिमपूर्ण है। नागरिक यात्रा पर निकलने से पहले मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा आवश्यकता न होने पर खराब मौसम में यात्रा से बचें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की भी अपील की है।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में सजगता, धैर्य और जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर ही जन-धन की हानि से बचा जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0