गणेश विसर्जन के दौरान लापता युवक की हत्या का खुलासा, जैतहरी पुलिस ने 48 घंटे में 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान लापता हुए 22 वर्षीय गोवर्धन कोल का शव जंगल में बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन, कपड़े और मृतक का पर्स बरामद किया है।
अतुल सिंह बघेल / मध्यप्रदेश
अनुसूचित जनजाति के युवक की हत्या का खुलासा, जैतहरी पुलिस ने 48 घंटे में पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
आशीष तिवारी | अनूपपुर/जैतहरी
अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान लापता हुए 22 वर्षीय युवक गोवर्धन कोल की हत्या के मामले में जैतहरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को गोवर्धन कोल गणेश विसर्जन के लिए अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से घर से निकला था। रात करीब 10 बजे परिजनों को सूचना मिली कि गोवर्धन के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही है। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
24 सितंबर की सुबह तलाश के दौरान मंडल के बगीचे के पास गोवर्धन की मोटरसाइकिल का टूटा हुआ क्लच केबल और चप्पल मिली। मोटरसाइकिल भी कुछ दूरी पर मिली। इसके बाद परिजनों ने जैतहरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
जंगल में मिला युवक का शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए जैतहरी पुलिस ने लगातार तलाश शुरू की। इसी दौरान बदनहाई डोंगरी, सिवनी के जंगल में झाड़ियों के बीच गोवर्धन कोल का शव बरामद किया गया।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण एवं वीडियोग्राफी कराई तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच के दौरान प्रथम दृष्टया हत्या का मामला सामने आने पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी प्रकरण में जोड़ी गईं।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में संदिग्ध आरोपियों सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी, को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार, आरोपियों द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार और मृतक का पर्स बरामद किया है।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
कार्यवाही में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण साहू, उपनिरीक्षक अमर लाल यादव, सुरेश अहिरवार, जेपीएच तिर्की, सहायक उपनिरीक्षक मणिराज सिंह, सुरेश कुमार कोरी, जयसिंह एवं श्रीश्याम शुक्ला सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीम में प्रधान आरक्षक राजकुमार मार्को, मनोज सिंह, विजयनंद पाण्डेय, महिला आरक्षक संतोषी धुर्वे तथा आरक्षक मनीष सिंह तोमर, नरेंद्र जाट, विजय टाटू और सोनू परते शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
2
Love
1
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0