गणेश विसर्जन के लिए निकला युवक दो दिन बाद झाड़ियों में मिला मृत, हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस

गणेश विसर्जन के लिए घर से निकले 22 वर्षीय गोवर्धन कोल का दो दिन बाद डुंगरीटोला की झाड़ियों में शव मिला। परिजनों ने मारपीट की जानकारी मिलने के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक संदेही को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की है।

Sep 26, 2026 - 08:53
Sep 26, 2026 - 08:54
 0  233
गणेश विसर्जन के लिए निकला युवक दो दिन बाद झाड़ियों में मिला मृत, हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस
शव
गणेश विसर्जन के लिए निकला युवक दो दिन बाद झाड़ियों में मिला मृत, हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस

अतुल सिंह बघेल  / मध्यप्रदेश 

अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र के डुंगरीटोला में एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों से दो दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक गोवर्धन कोल का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक 22 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

जानकारी के अनुसार, गोवर्धन कोल बाइक से अपने दो साथियों के साथ निकला था। रास्ते में गांव के कुछ अन्य लोग भी मिले। सभी एक स्थान पर रुके और खाने-पीने के बाद गोवर्धन पेट्रोल लाने के लिए चला गया। इसके बाद वह अपने दोनों साथियों के साथ वापस घर की ओर रवाना हुआ। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा उसका पीछा कर मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। मारपीट के दौरान उसके साथ मौजूद दोनों साथी वहां से भाग गए।

पुलिस के अनुसार, गोवर्धन ने घटना के बाद परिजनों को मारपीट की जानकारी दी थी। परिजन रात में उसकी तलाश करने निकले, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद गुरुवार को जैतहरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

दो दिन बाद डुंगरीटोला के सुनसान स्थान पर झाड़ियों में गोवर्धन का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय के अनुसार, मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर एक संदेही को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को घटनास्थल से दूर झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका भी पुलिस द्वारा जताई गई है। हालांकि, हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0