वेंकटनगर स्टेशन पर फिर रुकेगी नर्मदा एक्सप्रेस, रेल मंत्री ने हिमाद्री सिंह की पहल से स्टाॅपेज बहाली को दी मंजूरी
वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव फिर से शुरू होगा। कोरोना काल में बंद हुए स्टॉपेज को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह की मांग पर बहाल करने की मंजूरी दी है। हालांकि, ट्रेन किस तारीख से और कितने बजे वेंकटनगर में रुकेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं हुई है।
अतुल सिंह बघेल / मध्यप्रदेश
आशीष तिवारी: अनूपपुर। अनूपपुर जिले के वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। कोरोना काल में बंद किए गए इस ट्रेन स्टॉपेज को बहाल करने की मांग को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंजूरी दे दी है। इससे क्षेत्र के स्थानीय लोगों, व्यापारियों और छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे।
स्टॉपेज बंद होने के बाद अनूपपुर और जैतहरी आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रेन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें इन स्थानों तक पहुंचने के लिए बस से सफर करना पड़ता था और रोजाना करीब 200 से 300 रुपये किराए पर खर्च हो रहे थे।
सांसद की मांग पर रेल मंत्री ने दी सहमति
वेंकटनगर स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान बंद कर दिया गया था। इसके बाद से स्थानीय स्तर पर इसे दोबारा शुरू करने की मांग लगातार उठती रही। शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने 30 जुलाई को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर स्टॉपेज बहाल करने का अनुरोध किया था। सांसद ने रेल मंत्री से मुलाकात कर भी इस मांग को सामने रखा। इसके बाद 12 अगस्त को रेल मंत्री की ओर से पत्र जारी कर मांग स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई।
छह साल से ठहराव का इंतजार कर रहे थे यात्री
नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर स्थानीय लोगों, व्यापारियों और छात्रों की मांग पिछले करीब छह वर्षों से जारी थी। ट्रेन के वेंकटनगर में नहीं रुकने से यात्रियों को अपनी आवाजाही के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। अब स्टॉपेज बहाल करने की मंजूरी मिलने के बाद यात्रियों की नजर रेलवे की औपचारिक घोषणा पर है। ट्रेन किस तारीख से वेंकटनगर स्टेशन पर रुकेगी और उसका निर्धारित समय क्या होगा, इसकी जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। स्थानीय लोग रेलवे की समय-सारणी घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0