“TET से मुक्ति की मांग को लेकर 500 से ज्यादा शिक्षक पहुंचे माता की शरण, भटिया देवी मंदिर में लगाई अर्जी”
TET परीक्षा की अनिवार्यता से शिक्षकों को मुक्त करने सहित पुरानी पेंशन, नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता और अन्य मांगों को लेकर PMUMS शिक्षक संघ शहडोल ने भटिया-जैतपुर स्थित सिंहवाहिनी माता मंदिर में प्रार्थना सभा एवं अर्जी कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में 500 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
अतुल सिंह बघेल / मध्यप्रदेश
शहडोल। TET परीक्षा की अनिवार्यता से शिक्षकों को मुक्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को PMUMS शिक्षक संघ शहडोल द्वारा भटिया-जैतपुर स्थित आदि शक्ति जगत जननी सिंहवाहिनी माता मंदिर में विशेष प्रार्थना सभा एवं अर्जी कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चले कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 500 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं मातृ शक्तियां शामिल हुईं।
शिक्षकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और माता रानी के समक्ष TET की अनिवार्यता समाप्त करने सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर अर्जी लगाई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से न्याय यात्रा भी निकाली।
वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को TET से मुक्त करने की मांग
PMUMS शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष शारदा प्रसाद सिंह ने कहा कि वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के अनुभव, सेवा अवधि एवं शैक्षणिक योग्यता को देखते हुए उन्हें TET परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने अधिकारों और मांगों को लेकर लगातार लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं।
पुरानी पेंशन समेत कई मांगों को लेकर उठी आवाज
कार्यक्रम में शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने, केंद्र के समान वेतनमान, वास्तविक नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता निर्धारित करने, नियुक्ति के प्रथम दिन से 100 प्रतिशत वेतनमान, परिवीक्षा अवधि दो वर्ष करने तथा ग्रेच्युटी एवं सेवानिवृत्ति लाभ दिए जाने की मांग उठाई।
शिक्षक नेता शेषमणि सिंह ने कहा कि शिक्षकों की मांगें न्यायसंगत हैं। शासन को वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए उन्हें TET परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करना चाहिए। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना लागू करने और नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता का लाभ देने की भी मांग की।
जिलेभर से पहुंचे शिक्षक
कार्यक्रम में जिला प्रभारी राजेश कुमार मिश्रा, आईटी सेल प्रभारी रमेश कुमार कुशवाहा, कोषाध्यक्ष शारदा प्रसाद सिंह, सचिव नागेंद्र कुमार पांडेय, जिला सह सचिव भुवनेश्वर पांडेय, सोहागपुर ब्लॉक अध्यक्ष आलोक कुमार त्रिपाठी, उपाध्यक्ष दीपक दुबे, बुढार ब्लॉक प्रभारी आदित्य कुमार मिश्रा, बुढार ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, जैतपुर तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करचूली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने एकजुटता का संदेश देते हुए “शिक्षक एकता जिंदाबाद” और “PMUMS शिक्षक संघ जिंदाबाद” के नारे लगाए। आयोजकों ने कहा कि शिक्षक हित की मांगों को लेकर एकजुटता आगे भी जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0