बुढ़ार में गल्ले की दुकान से चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; तीन चोरी के मामलों में वांछित

शहडोल के बुढ़ार थाना क्षेत्र में गल्ले की दुकान से कैश पेटी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही प्रदीप कोल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नगदी, चांदी के सिक्के, आधार कार्ड, वोटर आईडी और लकड़ी की पेटी बरामद की। पूछताछ में आरोपी द्वारा मंदिर से पीतल की मूर्ति तथा राखड़ क्रेशर से दो कैमरे चोरी करना भी स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

Sep 18, 2026 - 19:14
Sep 18, 2026 - 19:14
 0  61
बुढ़ार में गल्ले की दुकान से चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; तीन चोरी के मामलों में वांछित
फाइल फोटो

अतुल सिंह बघेल  / मध्यप्रदेश 

बुढ़ार। थाना बुढ़ार पुलिस ने गल्ले की दुकान से कैश पेटी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की सामग्री बरामद की गई है। आरोपी तीन अलग-अलग चोरी के मामलों में वांछित पाया गया है।

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 09, शारदा मंदिर के पास रहने वाले हर्ष सरावगी ने 16 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सरावगी ब्रदर्स नाम से गल्ले की दुकान है। 15 सितंबर की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर गद्दी के ऊपर रखी कैश पेटी गायब मिली। पेटी में नगदी, चांदी के सिक्के और आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासबुक सहित अन्य दस्तावेज रखे थे।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बुढ़ार में अपराध क्रमांक 669/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस के अनुसार फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान प्रदीप कोल पिता रामभुवन कोल उर्फ कल्लू, निवासी कुवारपुर थाना जनकपुर जिला कोरिया (छत्तीसगढ़), हाल निवासी पकरिया समदा टोला थाना बुढ़ार के रूप में हुई। पुलिस ने संदेही को तलाश कर हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी, आधार कार्ड, वोटर आईडी, चांदी के सिक्के और लकड़ी की कैश पेटी बरामद की गई।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी ने अगस्त माह में भुतही मोहल्ले स्थित एक मंदिर से पीतल की मूर्ति चोरी करना स्वीकार किया, जिसकी बरामदगी भी की गई। वहीं अप्रैल माह में इमली टोला स्थित राखड़ क्रेशर से दो कैमरे चोरी करने की बात भी सामने आई, जिस मामले में अपराध क्रमांक 289/26 दर्ज है।

इस तरह पुलिस के अनुसार आरोपी से तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है और प्रत्येक मामले में पृथक-पृथक बरामदगी की गई है।

कार्रवाई थाना प्रभारी उनि रजनीश तिवारी के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में सउनि क्वलामेन्ट जॉन, सउनि राजा भइया बागरी, सउनि ज्ञानेन्द्र सिंह, सउनि गिरीश शुक्ला, प्रआर. दशरथ प्रजापति, प्रआर. जान सिंह, प्रआर. प्रभात, आर. श्रीकान्त एवं म.आर. 371 कीर्ति अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0