जिला पंचायत के बजट आवंटन में भेदभाव का आरोप, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने उठाए सवाल
शहडोल जिला पंचायत में करीब सात करोड़ रुपये के बजट आवंटन को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कांग्रेस समर्थित एवं आदिवासी जिला पंचायत सदस्यों के साथ कथित भेदभाव का आरोप लगाते हुए बजट आवंटन के आधार को सार्वजनिक करने और सभी सदस्यों को समान अवसर देने की मांग की है।
अतुल सिंह बघेल / मध्यप्रदेश
सात करोड़ रुपये के बजट आवंटन का आधार सार्वजनिक करने की मांग, सभी जिला पंचायत सदस्यों को समान अवसर देने की मांग
शहडोल। जिला पंचायत शहडोल में लगभग सात करोड़ रुपये के बजट आवंटन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सवाल खड़े किए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने आरोप लगाया है कि बजट आवंटन में कांग्रेस समर्थित और आदिवासी जिला पंचायत सदस्यों के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया गया है।
अजय अवस्थी ने कहा कि जिला पंचायत के निर्वाचित सभी सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए समान अवसर मिलना चाहिए। बजट आवंटन किसी राजनीतिक या अन्य आधार पर नहीं, बल्कि क्षेत्र की आवश्यकता और विकास की प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शहडोल आदिवासी बाहुल्य जिला है। ऐसे में यदि आदिवासी जनप्रतिनिधियों के क्षेत्रों में विकास के लिए बजट आवंटन में असमानता की जाती है, तो इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि जिला पंचायत में बजट आवंटन का आधार आखिर क्या रहा और सभी जिला पंचायत सदस्यों को समान अवसर क्यों नहीं दिया गया?
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिला पंचायत में किए गए बजट आवंटन की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी सदस्य के साथ बजट आवंटन में असमानता या भेदभाव हुआ है, तो उसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए।
अजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि बजट आवंटन में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी क्षेत्रों के समान विकास की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र की जनता को विकास का समान अधिकार है और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट का लाभ भी बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा मामले में शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया गया और कथित असमानता को दूर नहीं किया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी प्रभावित जिला पंचायत सदस्यों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन से जवाब मांगेगी।
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, राजेश बैगा, लालबाबू, वाई.पी. यादव, अनिकेश सिंह, त्रिभुवन त्रिपाठी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0