दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत पर शहडोल में जश्न, गांधी चौक पर फूटा उत्साह
आतिशबाजी, मिठाई वितरण और नारेबाजी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाई जीत की खुशी, जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी बोले— यह जनता के विश्वास और बदलाव की जीत
अतुल सिंह बघेल / शहडोल।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में गांधी चौक पर विजय उत्सव का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और कांग्रेस के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान गांधी चौक कांग्रेसजनों के उत्साह और जोश से गूंज उठा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि दतिया की जनता ने लोकतंत्र, विकास और जनहित की राजनीति पर अपना भरोसा जताते हुए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को ऐतिहासिक विजय दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक विधानसभा सीट की नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास, कांग्रेस की जनसेवा की प्रतिबद्धता और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के स्पष्ट जनादेश की जीत है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और दतिया उपचुनाव का परिणाम इसी जनभावना का स्पष्ट संकेत है। कांग्रेस हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और गरीब वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से जनता की आवाज़ उठाने का काम करेगी।
अजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और जनता के अपार समर्थन ने यह ऐतिहासिक जीत दिलाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि घनश्याम सिंह के नेतृत्व में दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास और जनकल्याण के कार्य किए जाएंगे।
विजय उत्सव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस जीत को प्रदेश में कांग्रेस संगठन के लिए नई ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और दतिया की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस आमजन के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और गांधी चौक कांग्रेस के नारों से गूंजता रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1