जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, जैतहरी पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा
अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र में जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मृतका के दो भतीजों ने अंधविश्वास के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली है।
अतुल सिंह बघेल / मध्य प्रदेश
अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केरहा भेलमा में जादू-टोना के संदेह में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के दो भतीजों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को ग्राम केरहा भेलमा निवासी कोमल सिंह ने सूचना दी कि उसकी रिश्ते की सास रामबाई गोड़ (पति स्वर्गीय...) अपने घर में अकेली रहती थीं। सूचना के अनुसार 2 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे उसने अपने घर के सामने स्थित मैदान से शोर-शराबा सुना। छत पर जाकर देखा तो रामबाई के भतीजे सुरेश गोड़ और फूल सिंह गोड़ उनके साथ मारपीट कर रहे थे। दोनों आरोपियों के भय से वह बीच-बचाव नहीं कर सका। अगले दिन सुबह जब रामबाई दिखाई नहीं दीं तो ग्रामीणों के साथ उनके घर पहुंचने पर उनका शव घर के सामने परछी के नीचे खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर जैतहरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सुरेश सिंह गोड़ (25 वर्ष) एवं फूल सिंह गोड़ (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि रामबाई गोड़ रिश्ते में उनकी बड़ी मां लगती थीं। उन्हें यह अंधविश्वास था कि रामबाई जादू-टोना करती हैं। आरोपियों का कहना था कि परिवार के दो सदस्यों की मृत्यु और अन्य लोगों के बीमार रहने के कारण उन्हें संदेह हो गया कि इसके पीछे रामबाई का हाथ है। इसी शक के चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों के कथन के अनुसार 2 अगस्त की सुबह वे रामबाई को रोककर अपने घर चलने के लिए कहने लगे। जब उन्होंने मना किया तो दोनों ने लाठी, लात और घूंसों से उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को उठाकर उनके घर के सामने परछी के नीचे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लाठी भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल खुलासा किया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0