हाईवे पर मौत का तांडव: ट्रक की चपेट में आए पाँच गौवंश, चार की दर्दनाक मौत
शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत पेट्रोल पंप के समीप देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने पाँच गौवंशों को कुचल दिया। हादसे में चार गौवंशों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान ने घायल गौमाता का रेस्क्यू कर उपचार शुरू कराया। पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG10BP0860 को जब्त कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। संस्थान ने शासन-प्रशासन से निराश्रित गौवंशों की सुरक्षा, गौपालकों पर कार्यवाही तथा स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई है।
अतुल सिंह बघेल / शहडोल
सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने पाँच गौवंशों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पाँच में से चार गौवंशों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गौमाता गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृत गौवंशों के सिर ट्रक के पहियों के नीचे फँसे हुए थे, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान के गौसेवक प्रकाश सेन, पंडित जी एवं उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुँची। टीम ने गंभीर रूप से घायल गौमाता का सुरक्षित रेस्क्यू कर संस्थान पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद संस्थान के पदाधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कराई। सोहागपुर थाना पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG10BP0860 को जब्त कर लिया है। संस्थान की ओर से वाहन चालक एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत कर वैधानिक कार्यवाही एवं प्रकरण दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कराई गई है।
लगातार हो रहे हादसों पर संस्थान ने जताई चिंता
अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान ने इस घटना को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए कहा कि क्षेत्र में निराश्रित गौवंश लगातार सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। संस्थान का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था की जाती, तो ऐसी घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता था।
संस्थान ने बताया कि वह लंबे समय से शासन-प्रशासन से लगातार मांग कर रहा है कि सड़कों पर निराश्रित गौवंश छोड़ने वाले गौपालकों की जवाबदेही तय की जाए तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाहि की जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में गौशालाओं एवं आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर न हों।
प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग
संस्थान ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों पर निराश्रित गौवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं स्थायी कार्ययोजना बनाई जाए। इसके साथ ही ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाहि सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गौरतलब है कि क्षेत्र में आए दिन सड़क पर घूम रहे गौवंशों के कारण दुर्घटनाएँ सामने आती रहती हैं। ऐसे में यह हादसा एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था और गौवंश संरक्षण को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि यह घटना केवल एक पुलिस कार्रवाई तक सीमित रहती है या शासन-प्रशासन निराश्रित गौवंशों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस और स्थायी कदम उठाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0