हर्री की ₹25 लाख की ग्रेवल रोड पर बवाल, अधूरे काम के बावजूद भुगतान का आरोप—3 सितंबर को विशाल धरना-प्रदर्शन
जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत हर्री में करीब ₹25 लाख की लागत से निर्मित ग्रेवल रोड के अधूरे निर्माण और पूर्ण भुगतान को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व जनपद सदस्य गिरजा प्रसाद महरा के नेतृत्व में 3 सितंबर को ग्राम गिरवा में धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा और तकनीकी स्वीकृति, माप पुस्तिका, भुगतान तथा निर्माण गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
अतुल सिंह बघेल / मध्य प्रदेश
हर्री ग्राम के ₹25 लाख की लागत से निर्मित ग्रेवल रोड पर खुले मंच से हल्ला बोल’,
जन विश्वास कार्यक्रम में गिरवा में होगा विशाल धरना-प्रदर्शन
गिरजा महरा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि-ग्रामीण कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन, निर्माण में व्यापक भ्रष्टाचार की जांच और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग
शहडोल/बुढ़ार। जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत हर्री में करीब 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्रेवल रोड को लेकर अब मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। निर्माण कार्य अधूरा होने और इसके बावजूद भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की जांच और जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
3 सितंबर को जन विश्वास कार्यक्रम के दौरान गिरवा ग्राम में होगा धरना-प्रदर्शन
कलेक्टर शहडोल के जन-अभियान कार्यक्रम के तहत 3 सितंबर को जनपद पंचायत बुढ़ार क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसी दौरान ग्राम पंचायत हर्री के ग्रेवल रोड निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्राम गिरवा में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पूर्व जनपद सदस्य गिरजा प्रसाद महरा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण एकजुट होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
अधूरा निर्माण, पूर्ण भुगतान पर उठे सवाल
मामले में सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिस ग्रेवल रोड का निर्माण आम ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों के आवागमन की सुविधा के लिए कराया जाना था, वह आज भी अधूरा पड़ा है। वहीं, कार्य के लिए स्वीकृत राशि का पूर्ण भुगतान कर दिया गया है। अधूरे कार्य के बावजूद पूर्ण भुगतान हुआ है तो इसकी जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित करने की मांग उठाई जा रही है।
तकनीकी स्वीकृति से लेकर माप पुस्तिका तक जांच की मांग
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से ग्रेवल रोड की स्वीकृत राशि, तकनीकी स्वीकृति, माप पुस्तिका और किए गए भुगतान की जांच की मांग की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मौके पर हुए वास्तविक कार्य का भी परीक्षण कराने की मांग रखी जाएगी।
कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन, दोषियों पर कार्यवाही की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में यदि अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य जिम्मेदार व्यक्ति दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। साथ ही अधूरे ग्रेवल रोड का गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराकर ग्रामीणों की आवागमन समस्या का समाधान कराया जाए।
जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों की मौजूदगी
धरना-प्रदर्शन पूर्व जनपद सदस्य गिरजा प्रसाद महरा के नेतृत्व में होगा। इसमें जनपद सदस्य यशोदा सिंह एवं घनश्यामा बाई सहित ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की बात पूर्व सूचना पत्र में कही गई है।
अब देखना होगा कि करीब 25 लाख रुपये की लागत वाले इस ग्रेवल रोड के निर्माण और भुगतान को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर प्रशासन क्या रुख अपनाता है और जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्यवाही होती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0