''जैतपुर बिजली विभाग पर गुंडागर्दी के आरोप, विधवा महिला सहित 30-40 ग्रामीणों ने खोला मोर्चा,,
जैतपुर विद्युत विभाग के जेई और स्टाफ पर विधवा महिला से अभद्रता, धमकी और धक्का-मुक्की के आरोप लगे हैं। वहीं करीब 30-40 ग्रामीणों ने भी सामूहिक शिकायत देकर जेई की कार्यशैली, अभद्र व्यवहार और कथित अवैध वसूली की जांच की मांग की है।
अतुल सिंह बघेल / जनसत्ता Expose
शहडोल/जैतपुर। जैतपुर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) और उनके स्टाफ की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ग्राम झींकबिजुरी की विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि 24 जुलाई की शाम बिजली विभाग की टीम बिजली काटने उसके घर पहुंची थी।
महिला के अनुसार, उसने अधिकारियों से हाथ जोड़कर कहा कि दो माह का बिजली बिल बकाया है। उसका बेटा बाहर था, इसलिए बिल जमा नहीं हो सका। इस माह तीसरे महीने का बिल आते ही तीनों माह का पूरा बकाया एक साथ जमा कर दिया जाएगा, इसलिए फिलहाल बिजली न काटी जाए।
पीड़िता का आरोप है कि उसकी बात सुनने के बजाय जेई ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, धमकी दी और स्टाफ के साथ मिलकर धक्का देकर भगा दिया। महिला का यह भी कहना है कि मौके पर मौजूद कर्मचारी उसका पक्ष सुनने के बजाय जेई का समर्थन करते रहे और कथित रूप से हंसते रहे।
मामला केवल एक महिला तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों का दावा है कि करीब 30 से 40 लोगों ने सामूहिक रूप से लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र के कई उपभोक्ता लंबे समय से जेई की कथित अभद्र भाषा और डराने-धमकाने वाली कार्यशैली से परेशान हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि बिजली विभाग के कुछ कथित दलाल सक्रिय हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न कार्यों के नाम पर अवैध वसूली कराई जाती है। ग्रामीणों ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, इस पूरे मामले में पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासन और बिजली विभाग इन गंभीर आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0