केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय मार्च, शहडोल में निकाली रैली
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल ने विजय मार्च निकालकर इसे छात्रों के संघर्ष और लोकतंत्र की जीत बताया। कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक पर सख्त कानून, प्रभावित छात्रों को न्याय और आंदोलन के दौरान दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग की।
अतुल सिंह बघेल / जनसत्ता expose
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा शनिवार को जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में रघुराज स्कूल से गांधी चौक तक विजय मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में मार्च में भाग लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के संघर्ष, सत्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत बताया।
मार्च के दौरान जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों की जीत है जिन्होंने अपने भविष्य के साथ हुए अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए है।
अजय अवस्थी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक लगातार छात्रों के मुद्दों को उठाया और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश की परीक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता हैं। इससे मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के सपनों और उनके भविष्य पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए प्रभावी एवं कठोर कानून लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कांग्रेस ने मांग की कि कथित पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या करने वाले 21 छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज सभी प्रकरण वापस लिए जाएं तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।
विजय मार्च में पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, जिला मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, नगर अध्यक्ष प्रभात पाण्डेय, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतमदास सोनी, जिला सचिव शिव शंकर शुक्ला, निर्वाचन प्रभारी विष्णू प्रताप सिंह, जनसमस्या निवारण जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी हरिशंकर तिवारी, पार्षद दानिश अहमद, आशीष द्विवेदी, महेंद्र यादव, अमन तिवारी, सत्यम, राजेन्द्र सेन, धन्नू बर्मन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और आमजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0