इलाज मांगने पहुंची अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप, डॉक्टरों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का दावा

जयसिंहनगर सिविल अस्पताल में इलाज कराने पहुंची महिला अधिवक्ता ने दो डॉक्टरों पर इलाज से इनकार करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। अधिवक्ता का दावा है कि बाद में न्यायालय परिसर में डॉक्टरों ने शिकायत व सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। मामले में सीएमएचओ ने जांच दल गठित किया है।

Sep 12, 2026 - 18:25
Sep 12, 2026 - 19:24
 0  5
इलाज मांगने पहुंची अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप, डॉक्टरों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का दावा

अतुल सिंह बघेल/ मध्यप्रदेश 

शहडोल। जयसिंहनगर सिविल अस्पताल में इलाज कराने पहुंची महिला अधिवक्ता के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। अधिवक्ता संध्या तिवारी का आरोप है कि पेट में तेज दर्द होने पर वह अस्पताल पहुंचीं, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टर आशुतोष मिश्रा और पुष्पराज पटेल ने ओपीडी का समय खत्म होने की बात कहकर इलाज करने से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, दर्द से परेशान संध्या ने डॉक्टरों से कम से कम ऐसी दवा देने का अनुरोध किया, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सके। आरोप है कि इस पर दोनों डॉक्टरों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अस्पताल से चले जाने को कहा।

संध्या के साथ पड़ोस की एक युवती भी अस्पताल पहुंची थी। महिला अधिवक्ता का कहना है कि युवती पूरी घटना की प्रत्यक्ष गवाह है। अस्पताल से निकलने के बाद उन्होंने पास के मेडिकल स्टोर से दर्द की दवा खरीदी और सेवन किया। इसके बाद जयसिंहनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक कोई कार्यवाहि नहीं हुई।

कोर्ट परिसर में धमकाने का आरोप

संध्या का आरोप है कि घटना के अगले दिन जब वह जयसिंहनगर न्यायालय में मौजूद थीं, तभी दोनों डॉक्टर भी एक मामले में पेशी के लिए वहां पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टरों ने कई पक्षकारों के सामने उन्हें धमकाते हुए शिकायत और सीएम हेल्पलाइन वापस लेने के लिए कहा। महिला अधिवक्ता का कहना है कि मौके पर मौजूद लोगों ने भी यह बातचीत सुनी है और जरूरत पड़ने पर वह उनके बयान दर्ज करा सकती हैं।

संध्या ने पुलिस से अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने की मांग की है। उन्हें आशंका है कि घटना की फुटेज डिलीट की जा सकती है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीएमएचओ डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि शिकायत सामने आई है। मामले की जांच के लिए दल गठित किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने कहा कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्यवाहि की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0